राष्ट्रीय
19-Aug-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन में महत्वपूर्ण बदलाव का सुझाव दे दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी को आधे से अधिक टिकट युवा उम्मीदवारों को देना चाहिए। पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि राजनीति का माहौल बदल गया है और युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का सम्मान होना चाहिए, लेकिन नई पीढ़ी को आगे लाना बेहद जरुरी है। उन्होंने टिकट वितरण में वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों का कड़ा विरोध कर कहा कि पर्यवेक्षकों को उम्मीदवारों का मूल्यांकन जमीनी स्तर पर करने की पूरी स्वतंत्रता होनी चाहिए। इतिहास गवाह है कि सिफारिश पर दिए गए टिकट हमेशा हार का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि टिकट असली और समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को ही मिलना चाहिए। कांग्रेस नेता गहलोत ने कहा कि उनकी अपनी सिफारिश को भी टिकट देने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, क्योंकि वरिष्ठ नेता हमेशा जमीनी हकीकत से पूरी तरह वाकिफ नहीं होते। इस बीच, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गहलोत के सुझाव से कदम आगे बढ़कर घोषणा की कि पार्टी 50 नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत टिकट युवाओं को देगी। यह निर्देश संगठन के निचले स्तर तक पहुंचाया जाएगा। डोटासरा ने बताया कि टिकट वितरण में उम्मीदवारों के पिछले राजनीतिक व्यवहार पर भी विचार किया जाएगा। निर्दलीय चुनाव जीतकर बाद में कांग्रेस का समर्थन करने वालों पर विचार हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के टिकट पर जीतकर अन्य दलों में जाने वालों को प्राथमिकता नहीं मिलेगी। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026