ट्रेंडिंग
15-Aug-2026
...


- JPSC-JSSC भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ 22वें दिन भी आंदोलन जारी - अस्पताल परिसर में पुलिस से तीखी बहस और धक्का-मुक्की - पुलिस से भिड़ंत का वीडियो वायरल - मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान रांची, (ईएमएस)। झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया गया। रिम्स में भर्ती महतो अस्पताल से बाहर निकलकर यात्रा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में पुलिस और महतो के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। रांची में छात्र युवा एकता मंच के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन शनिवार को 22वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने सहित भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुधार की मांग कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल से ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। बताया गया कि देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से आंदोलन के दौरान अनशन पर हैं और स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। महतो तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए अस्पताल से बाहर निकलने पर अड़े थे। दूसरी ओर, प्रशासन और चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। महतो के अस्पताल से बाहर निकलने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और धक्का-मुक्की हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। छात्रों ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सवालों का समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बातचीत कर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।