राष्ट्रीय
19-Aug-2026


केंद्रीय मंत्री को बताया, पूरी टीम में बदलाव नई दिल्ली (ईएमएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपनी परीक्षाओं की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। एजेंसी ने अपनी पूरी परीक्षा टीम में व्यापक बदलाव कर दिए हैं, जिसके तहत अब तक पेपर सेट करने में मदद कर रहे 600 विशेषज्ञों को हटाकर नए एक्सपर्ट्स को शामिल किया जा रहा है। यह कदम शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा बुलाई गई बैठकों के बाद उठाया गया है। केंद्रीय मंत्री ने निर्देशों में कहा कि परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और संबंधित बुनियादी ढांचे उपलब्ध कराए जाएं। एनटीए, जो जेईइे-मैंस, नीट-यूजी, क्लेट और यूजीसी-नेट जैसी प्रमुख परीक्षाओं का संचालन करती है, ने अपनी प्रक्रियाओं को अधिक पुख्ता बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। एनटीए के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इन उपायों से अवगत कराया। अब परीक्षा के पेपर की जांच-पड़ताल को और मजबूत करने के लिए एक चार-स्तरीय प्रश्न-पत्र जांच प्रणाली लागू की जाएगी। अगले दो से तीन हफ्तों में 20 से 25 नए अधिकारियों को भी एजेंसी में शामिल किया जाएगा, और भविष्य की नियुक्तियों पर विचार हो रहा है। सुरक्षा को प्राथमिकता देकर एनटीए अपने वर्तमान ओखला कार्यालय को मिंटो रोड स्थित एक नए, अधिक सुरक्षित परिसर में स्थानांतरित करेगा। नई जगह पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीमों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री जोशी ने एनटीए को अपनी सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का ऑडिट करने और एक महीने के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया है। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026