राष्ट्रीय
19-Aug-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने डेटिंग एप के द्वारा 67 वर्षीय बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाकर 1.30 लाख रुपये ठगने और मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी ज्योत्स्ना (26) और उसकी सहयोगी मानसी (21) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ज्योत्स्ना ने डेटिंग एप पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई थी, जबकि मानसी ने खुद को उस प्रोफाइल वाली महिला बताकर बुजुर्ग से मुलाकात की। ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से काम किया। पीड़ित बुजुर्ग 20 और 24 जुलाई को दो बार युवतियों से मिले। दूसरी मुलाकात के दौरान डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्तरां में भोजन करते समय उनका मोबाइल फोन चुरा लिया गया। फोन चोरी करने के बाद, आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खातों से यूपीआई के द्वारा 1.30 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए, जिसमें से 90,000 रुपये एटीएम से भी निकाल लिए गए। सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी महिलाओं ने चोरी किए गए मोबाइल फोन को नष्ट किया था। 25 जुलाई को पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर ई-प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद जिले की साइबर थाने की टीम ने बैंक खातों के लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर जांच की। सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवतियां एटीएम से पैसे निकालते हुए दिखाई दी। जो उनकी पहचान में अहम सबूत साबित हुई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026