राष्ट्रीय
19-Aug-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन को एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। उन्हें 11 मई, 2024 को दर्ज एफआईआर के तहत गिरफ्तार किया गया था, इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई धाराएं शामिल थीं। यह गिरफ्तारी दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के अपग्रेडेशन और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है। दिल्ली के पूर्व मंत्री जैन की गिरफ्तारी के बाद, आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर जैन को गिरफ्तार करने का दबाव बनाया गया था और केंद्रीय मंत्री शाह को बताना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। इतना ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक और सनसनीखेज दावा कर कहा कि एसीबी के एक अधिकारी ने बताया था कि बुधवार सुबह तक जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी। उनके अनुसार, गिरफ्तारी का निर्णय दोपहर में केंद्रीय मंत्री शाह के सीधे फोन के बाद हुआ। जिसमें अधिकारी को जैन को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया था। केजरीवाल ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर कहा कि अब गिरफ्तारियां आधार पर नहीं होतीं कि किसी ने अपराध किया है या नहीं, बल्कि इस बात पर निर्भर करती हैं कि सत्ता में बैठे लोग किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026