राष्ट्रीय
19-Aug-2026


पीलीभीत,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत पुलिस ने बीते माह एक ट्रक चालक बलविंदर सिंह की हत्या कर उसके वाहन में आग लगाने के आरोप में 40 वर्षीय अमनदीप कौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ब्लैकमेलिंग और तनावपूर्ण संबंधों के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। बलविंदर का जला हुआ शव 10 जुलाई को उसके जले ट्रक के अंदर मिला था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अमनदीप बलविंदर से दो-तीन साल से रिश्ते में थी, जो कि वह खत्म करना चाहती थी। आरोप है कि बलविंदर उसकी अंतरंग तस्वीरें व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस के अनुसार, अमनदीप ने नहर के पास ट्रक में लोहे की रॉड से बलविंदर पर हमला कर उसकी हत्या की। फिर साक्ष्य मिटाने व घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए उसने शव व ट्रक पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रॉड और डीजल की कैन बरामद की है। बलविंदर के भाई की शिकायत पर 24 जुलाई को मामला दर्ज हुआ था। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026