राष्ट्रीय
19-Aug-2026


15 साल तक दी फर्जी रसीदें गोरखपुर (ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में जीवन बीमा पालिसी के नाम पर एक एलआईसी एजेंट द्वारा 15 साल तक फर्जी रसीदें देकर एक व्यक्ति से करीब 80 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एलआईसी एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। बेनीगंज निवासी सीताराम उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में एलआईसी एजेंट बाल गोविंद दुबे के माध्यम से एक बीमा पालिसी ली थी। सीताराम हर तीसरे माह 1322 रुपये की किस्त एजेंट दुबे को देते थे, जो उन्हें बदले में रसीद देता था। यह सिलसिला वर्ष 2010 से लेकर मई 2025 तक लगातार चलता रहा। लेकिन जब पालिसी की अवधि पूरी होने के बाद जब सीताराम अपनी पालिसी की जानकारी लेने तारामंडल स्थित एलआईसी कार्यालय पहुंचे, तब उन्हें सच्चाई का पता चला। कार्यालय के कर्मचारियों ने जांच के बाद बताया कि उनकी पॉलिसी मई 2010 में ही बंद हो चुकी है और एजेंट द्वारा दी गई सभी रसीदें फर्जी हैं। इस तरह एजेंट ने सीताराम से किस्त के नाम पर कुल करीब 80 हजार रुपये वसूल लिए थे, लेकिन एक भी रुपये बीमा कंपनी में जमा नहीं किया। इस धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद सीताराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि एलआईसी एजेंट दुबे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026