अजय देवगन, शाहरुख और टाइगर को नोटिस मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अभियान को अपना खुला समर्थन दे दिया है। उन्होंने एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे की अगुवाई में जारी कार्रवाई पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देकर कहा कि यह अभियान जारी रहेगा। सीएम फडणवीस ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों से लोगों के जीवन और स्वास्थ्य को गंभीर खतरा होता है, इसलिए सख्त कार्रवाई बहुत जरुरी है। मई में पदभार संभालने के बाद से, मुंढे के नेतृत्व में एफडीए टीमों ने कई जगहों पर छापेमारी की है, नोटिस जारी किए हैं और कई प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए हैं। हालांकि, उनकी कार्रवाई के तरीकों को लेकर कुछ सवाल भी उठे हैं। आलोचकों का आरोप है कि मुंढे ने जरूरत से ज्यादा सख्ती बरती है, जहां प्रतिष्ठानों को सुधार का मौका दिए बिना ही स्टॉक जब्त करने या दुकानें बंद करने जैसे कदम उठाए गए। बॉम्बे हाई कोर्ट ने हाल ही में एफडीए कमिश्नर मुंढे को मच्छर को मारने के लिए तलवार का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी थी। इस बीच, तुकाराम मुंढे ने हाल ही में विमल इलायची के विज्ञापन में दिख रहे अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। एफडीए कमिश्नर मुंढे का दावा है कि यह विज्ञापन महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला के सरोगेट प्रचार के दायरे में आता है, जहां गुटखा और तंबाकू भी प्रतिबंधित हैं। तीनों अभिनेताओं से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। एफडीए कमिश्नर मुंढे ने स्वीकार किया कि इसतरह मामलों में कार्रवाई पहले भी शुरू की जा सकती थी, क्योंकि खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 में बना था और संबंधित विज्ञापन नियम 2018 में जारी होकर जुलाई 2019 से लागू हुए थे। लेकिन अब एफडीए ने इस दिशा में उचित कदम उठाना शुरू कर दिया है। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026