इन्दौर (ईएमएस) श्री मध्य भारत हिंदी साहित्य समिति सभागार में जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद भोपाल और समिति के संयुक्त तत्वावधान में तुलसी जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में रत्नावली और उर्मिला यशोगान नाटकों का मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण, मां सरस्वती की आराधना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। तत्पश्चात मंचित नाटक रत्नावली में तुलसीदास के जीवन में रत्नावली की भूमिका, उनके विरह और संवादों को प्रस्तुत किया गया। वहीं उर्मिला यशोगान में राम के वनवास के दौरान लक्ष्मण के साथ वन गमन और उर्मिला के त्याग व तपस्या को मंच पर जीवंत किया गया। दोनों नाटकों में कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने सराहा। यास्मीन सिद्दीकी ने रत्नावली और उर्मिला की भूमिकाएं निभाईं। चारविंद लोंदवाल, नितेश मालवीय, अंकित जोशी, सवी शर्मा, परिक्रमा चौहान, इशिका चौहान, साक्षी चौरे सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। प्रकाश परिकल्पना गौरव दाभाड़े की रही। कार्यक्रम का संचालन प्रचार मंत्री हरिराम बाजपेई ने किया। आयोजन की मुख्य अतिथि डॉ. वैशाली वाइकर रहीं। समिति के प्रधानमंत्री अरविंद जबलकर ने उनका स्वागत किया। वहीं समिति के सभापति सत्यनारायण सत्तन ने नाटकों के निर्देशक विकास चौहान का अभिनंदन किया। इन्दौर/ 19 अगस्त 2026