- तीन चोरी की वारदातों का खुलासा - सात मोबाइल, सोने जैसी धातु के कंगन, चापड़ और अन्य सामान बरामद बोकारो (ईएमएस)। चास थाना क्षेत्र में घरों की खिड़कियां तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के सात मोबाइल फोन, सोने जैसी धातु के सात कंगन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पांडेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गौतम बाउरी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाने में वर्ष 2021 में चोरी और सेंधमारी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने चास थाना क्षेत्र में 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त की रात घरों की खिड़कियां तोड़कर चोरी की थी। इन घटनाओं को लेकर थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, सोने जैसी धातु के सात कंगन, 3.50 ग्राम पिघली हुई सोने जैसी धातु, एक लोहे का चापड़, छोटा इलेक्ट्रॉनिक तौलने का उपकरण और पांच रुपये के 12 नोट बरामद किए गए हैं। चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए बोकारो एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है। रामयश/ईएमएस 19 अगस्त 2026