राज्य
19-Aug-2026


27 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रखेंगे आधारशिला जबलपुर, (ईएमएस)। देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में जबलपुर को बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 27 अगस्त को प्रस्तावित जबलपुर दौरे के दौरान व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में टी-72 युद्धक टैंकों के आधुनिक ओवरहालिंग प्लांट की आधारशिला रखी जाएगी। नई सुविधा शुरू होने के बाद सेना के टैंकों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और तकनीकी उन्नयन का बड़ा काम जबलपुर में ही किया जा सकेगा। अवाडी से जबलपुर आएगा ओवरहालिंग का काम....... यह परियोजना सेना के टैंक बेड़े के रखरखाव की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है। अभी टैंकों के ओवरहालिंग का प्रमुख दायित्व तमिलनाडु के अवाडी स्थित हेवी व्हीकल फैक्ट्री पर रहा है। वहां नए टैंकों के निर्माण के साथ मरम्मत और जीर्णोद्धार का अतिरिक्त भार भी था। अब ओवरहालिंग का काम जबलपुर स्थानांतरित किए जाने से अवाडी इकाई को नए टैंकों के उत्पादन पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिलेगा। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर पहले भी सेना के टैंकों की मरम्मत और तकनीकी कार्य में अपनी क्षमता साबित कर चुकी है। सेना के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए गए कार्यों के बाद यहां स्थायी ओवरहालिंग सुविधा विकसित करने का रास्ता तैयार हुआ। परियोजना की प्रारंभिक आधारभूमि करीब दो वर्ष पहले तत्कालीन मुख्य महाप्रबंधक एसके भोला के कार्यकाल में तैयार की गई थी। रक्षा क्षेत्र में बढ़ेगी जबलपुर की भूमिका टी-72 ओवरहालिंग प्लांट को जबलपुर के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में एक अहम विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इससे तकनीकी संसाधनों के साथ स्थानीय स्तर पर रक्षा उपकरणों के रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी और सेना की जरूरतों के अनुरूप टैंकों को जल्द सेवा के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। रक्षा मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर व्हीकल फैक्ट्री प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिसर में कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। करीब तीन माह पहले भी भूमिपूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन रक्षा मंत्री की व्यस्तताओं के चलते दौरा स्थगित हो गया था। सुनील साहू / मोनिका / 19 अगस्त 2026/ 02.32