राज्य
19-Aug-2026


आदिवासी कांग्रेस ने शुरू किया जनजागरण जबलपुर, (ईएमएस)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों आईटीआई को निजी हाथों में सौंपे जाने की संभावित कवायद को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। आदिवासी कांग्रेस नेत्री रूकमणि गोटिया के नेतृत्व में इस प्रस्तावित फैसले के खिलाफ ग्रामीण अंचलों में जनजागरण अभियान शुरू करने की तैयारी की गई है। संगठन का कहना है कि सरकारी आईटीआई में कम शुल्क पर मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर, अनुसूचित जाति-जनजाति और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण का अवसर मिलता है। निजी प्रबंधन आने पर फीस बढ़ने की आशंका है, जिससे गरीब परिवारों के युवाओं के लिए कौशल शिक्षा तक पहुंच मुश्किल हो सकती है। चौपालों से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन की तैयारी....... विरोध को व्यापक स्वरूप देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल और जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं को संभावित निजीकरण के असर से अवगत कराने के साथ उन्हें अभियान से जोड़ने की कवायद चल रही है। आदिवासी कांग्रेस का कहना है कि तकनीकी शिक्षा से जुड़े सरकारी संस्थानों का निजीकरण ग्रामीण युवाओं के हित में नहीं है। संगठन ने शासन द्वारा इस दिशा में आगे कदम बढ़ाए जाने पर ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक शांतिपूर्ण आंदोलन, ज्ञापन, हस्ताक्षर अभियान और जनसंवाद करने की चेतावनी दी है। सुनील साहू / मोनिका / 19 अगस्त 2026/ 02.12