राज्य
19-Aug-2026


कर्मचारी संगठनों ने खोला मोर्चा जबलपुर, (ईएमएस)। जिला पंचायत सीईओ द्वारा 17 अगस्त को जारी पंचायत क्लस्टर आवंटन आदेश को लेकर कर्मचारी संगठनों में नाराजगी सामने आई है। आदिवासी बहुजन अधिकार कल्याण संघ (अबाक्स) और मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने मंगलवार को कलेक्टर एवं संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आदेश में संशोधन की मांग की। संगठनों का आरोप है कि सात जनपदों में किए गए नए क्लस्टर आवंटन में नियमों की अनदेखी हुई है। पनागर जनपद के पांच और जबलपुर जनपद के चार सहायक विकास विस्तार अधिकारी एवं पंचायत समन्वय अधिकारियों को क्लस्टर दायित्व से बाहर किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि मैदानी अधिकारियों को उनके जॉब चार्ट के अनुसार ही पंचायतों का दायित्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन स्तर से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर व्यवस्था में बदलाव किया गया है। संगठनों ने आदेश निरस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सुनील साहू / मोनिका / 19 अगस्त 2026/ 02.11