राज्य
19-Aug-2026


फेसबुक लिंक से बैंककर्मी को लगाया 50 हजार का चूना जबलपुर, (ईएमएस)। थाना खितौला क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सिहेरा निवासी लक्ष्मी प्रसाद प्यासी, जो कटनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में हेड कैशियर हैं, ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त की सुबह फेसबुक खोलने के दौरान उन्हें पीएनबी-1 एप की लिंक दिखाई दी। लिंक खोलने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर एप के प्रोफार्मा में बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भरवाई। संदेह होने पर उन्होंने मोबाइल बंद कर दिया। शाम को मोबाइल चालू करने पर खाते से रकम कटने के मैसेज मिले। जांच करने पर पता चला कि खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। बेटे ने बैंक के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर खाता बंद कराया। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉलेज फॉर्म भरने के दौरान लिंक से 67 हजार 910 की ऑनलाइन ठगी......... थाना घमापुर में जीसीएफ निवासी 19 वर्षीय छात्रा सृष्टि रंजन ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा ने बताया कि 13 अगस्त को कॉलेज का फार्म भरते समय गूगल के माध्यम से एक लिंक मिली, जिस पर उसने रजिस्ट्रेशन किया। कुछ घंटे बाद मोबाइल पर खाते से रकम कटने के मैसेज आने लगे। बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि अलग-अलग 11 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 67 हजार 910 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 90 हजार ठगे....... थाना रांझी में नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया गया है। बिलपुरा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय सौरभ कुमार अहिरवार ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2025 में दोस्त के माध्यम से उसकी सुरादा आदिलक्ष्मी ज्योति नामक महिला से नौकरी को लेकर मोबाइल पर बातचीत हुई थी। महिला ने विशाखापत्तनम में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन सहित अन्य बहानों से अलग-अलग किश्तों में फोन-पे और यूपीआई के जरिए रकम जमा कराई गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने कई बार में कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिली। लगातार रकम लेने के बाद महिला ने संपर्क करना भी बंद कर दिया। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 19 अगस्त 2026/ 01.57