नई दिल्ली (ईएमएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में एनसीसी के अखिल भारतीय बालिका अधिक ऊंचाई दुर्गम पदयात्रा अभियान ‘अपराजिता-परंग ला 2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में 28 महिला कैडेट हिस्सा ले रही हैं। करीब 30 दिन में दल हिमालय के दुर्गम इलाकों में लगभग 250 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। अभियान का नेतृत्व तीनों सेनाओं की तीन महिला अधिकारी करेंगी। यह ट्रेक 5,578 मीटर (18,300 फीट) ऊंचे परंग ला दर्रे से होकर गुजरेगा, जो हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ता है। मार्ग में किब्बर, दुमला, थलटक, बोंगरोजेन, परंग ला, डाक कारज़ोंग, नोर्बू सुम्दो, कियांगडोम और कोरज़ोक जैसे दुर्गम क्षेत्र शामिल हैं। कैडेटों को ऊंचाई वाले रेगिस्तान, ग्लेशियर, बर्फीले मैदान और नदी घाटियों से गुजरना होगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च-ऊंचाई वाले अभियान में युवा लड़कियों की भागीदारी देश की नारी शक्ति के साहस, दृढ़ संकल्प और बढ़ती क्षमताओं का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/ 19 /अगस्त /2026