-स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद -अरुणाचल लोक भवन में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह ईटानगर, (ईएमएस)। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित लोक भवन में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने तिरंगा फहराया और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 33वीं बटालियन की इको कंपनी से गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके साहस और निस्वार्थ सेवा से देश को आजादी मिली। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र, न्याय, समानता, एकता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर राज्यपाल ने अरुणाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, बागवानी, जलविद्युत, उद्यमिता और कौशल विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए चल रही योजनाएं नए अवसर पैदा कर रही हैं। सीमा से लगे गांवों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का उल्लेख राज्यपाल ने कहा कि देश आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के साथ ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। उन्होंने इसे देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित समारोह में लोक भवन खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। सिपियांग पांगकम, गोपाल दर्नाल, गुलाम मुस्तफा और अभिजीत रॉय को उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार प्रदान किए गए। राज्यपाल ने नागरिकों से एकता, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ शांतिपूर्ण, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।