सारंगपुर (ईएमएस)। उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए राजस्थान के धौलपुर से निकले एक परिवार की खुशियां मंगलवार सुबह सारंगपुर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर सारंगपुर से करीब 4 किलोमीटर दूर शिमला होटल के समीप तेज रफ्तार अर्टिगा कार क्रमांक आर जे 11 यूए 4989 सड़क किनारे खड़े डंपर क्रमांक एमपी 04 एच ई 5797 में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार मां, बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार दो बच्चे हादसे में सुरक्षित रहे। सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। राजस्थान के धौलपुर निवासी त्रिवेदी परिवार के छह सदस्य अर्टिगा कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। शिमला होटल के सामने कार चालक अब्दुल आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। -तीन की मौके पर मौत टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सोमा (65) पत्नी सुनील त्रिवेदी, अंकुर (42) पिता सुनील त्रिवेदी और अर्चना (40) पत्नी अंकुर त्रिवेदी, निवासी धौलपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में निहाल (22) पिता अतुल तिवारी और कार चालक अब्दुल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। - दो बच्चों को खरोंच तक नहीं आई हादसे के समय कार में अंकुर और अर्चना के दो बेटे अंश (14) और तेजस (10) भी सवार थे। दुर्घटना में दोनों बच्चे सुरक्षित रहे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने बच्चों को कार से बाहर निकाला। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हादसे को ओवरटेक के प्रयास से जोड़कर देख रही है।