राज्य
09-Aug-2026
...


- ऑयल इंडिया का रिकॉर्ड मुनाफा - उपलब्धियां असम की ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत भूमिका का प्रमाण: मुख्यमंत्री गुवाहाटी, (ईएमएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ऑयल इंडिया लिमिटेड (आयल) और नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) की रिकॉर्ड वित्तीय और उत्पादन उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से असम की भारत के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका और मजबूत हुई है तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी बढ़ावा मिला है। सरमा के अनुसार, ऑयल इंडिया ने चालू अवधि में अब तक का सबसे अधिक तिमाही स्टैंडअलोन कर-पश्चात लाभ (पैट) 2,870 करोड़ रुपये दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 2.5 गुना अधिक है। कच्चे तेल के उत्पादन में 11 प्रतिशत वृद्धि और बेहतर मूल्य प्राप्ति को इसका प्रमुख कारण बताया गया है। कंपनी का समेकित पैट 4,027 करोड़ रुपये रहा, जिसमें सालाना आधार पर 97 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कच्चे तेल का उत्पादन 0.950 मिलियन मीट्रिक टन रहा। कंपनी ने प्रतिदिन 10,921 टन यानी करीब 84,109 बैरल का अपना अब तक का सर्वाधिक उत्पादन भी दर्ज किया। नुमालीगढ़ रिफाइनरी का प्रदर्शन मुख्यमंत्री ने बताया कि एनआरएल का कर-पश्चात लाभ 167 प्रतिशत बढ़कर 1,305 करोड़ रुपये पहुंच गया। रिफाइनरी ने 35.95 डॉलर प्रति बैरल का सकल रिफाइनिंग मार्जिन और 87.58 प्रतिशत डिस्टिलेट यील्ड हासिल किया। ऊर्जा सुरक्षा में बढ़ा योगदान सरमा ने ऑयल इंडिया की उपलब्धियों पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि ये परिणाम असम की ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में राज्य के योगदान को रेखांकित करते हैं।