भोपाल (ईएमएस)। सेवानिवृत्त अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (IFS) एवं सिस्टम परिवर्तन अभियान के अध्यक्ष आजाद सिंह डबास ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को पत्र लिखकर तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। डबास ने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं धमकी भरी पोस्ट किए जाने का हवाला देते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। डबास ने अपने पत्र में लिखा कि वे मध्यप्रदेश कैडर के 1985 बैच के आईएफएस अधिकारी रहे है जो 31 जनवरी 2017 को अपर प्रधान मुख्य संरक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए है। उन्होंने लिखा कि मैं सेवानिवृत्ति के बाद से ही “सिस्टम परिवर्तन अभियान” नामक संगठन चला रहा हूं जो मुख्यतः मध्यप्रदेश में राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर हो रहे बड़े भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम करता है। मैं इस संगठन का संस्थापक अध्यक्ष हूं। मैंने विगत वर्षों में मध्यप्रदेश में हुए भ्रष्टाचार के अनेक बड़े मामले उठाये हैं। इन भ्रष्टाचार के प्रकरणों में जिस भी राजनेता (मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक इत्यादि) एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका रही है, उनके संबंध में मेरे द्वारा मुख्यमंत्री , मुख्य सचिव , संबंधित विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, संबंधित विभाग के विभागाध्यक्ष, महानिदेशक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मध्यप्रदेश एवं लोकायुक्त मध्यप्रदेश को समय-समय पर शिकायतें प्रेषित की जाती हैं ताकि जांच उपरांत भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई हो सके। शिकायतों के इसी क्रम में मेरे द्वारा पत्र क्रमांक/1595 दिनांक 02.08.2026 से एक शिकायत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरुद्ध महानिदेशक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मध्यप्रदेश को भेजी गई जिसमें शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री रहते उनके कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार/घोटालों के परिणामस्वरूप उनके द्वारा अर्जित चल-अचल संपत्ति/व्यवसायिक फर्मों की जांच करने की मांग की गई है। पत्र की छायाप्रति संलग्न प्रेषित है। इस पत्र के आधार पर “एक्सप्रेस न्यूज” समाचार पत्र में एक विस्तृत खबर दिनांक 08 अगस्त 2026 को प्रमुखता से प्रकाशित की गई। समाचार की छायाप्रति संलग्न प्रेषित है। इस खबर को पढ़कर शिवराज सिंह चौहान के सजातीय विनोद धाकड़ नामक व्यक्ति, जो रायसेन जिले की सांची विधानसभा के अंतर्गत निवास करते हैं। धाकड़ ने एक अत्यंत भड़काऊ पोस्ट अपने फेसबुक अकाउंट पर डाली है जिसमें उन्होंने मेरे विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की बात की है। उन्होंने मेरे जगह-जगह, हर गली-चौराहे और गांव-गांव में पुतले जलाने का आह्वान उस समाज, जिससे श्री शिवराज सिंह चौहान आते हैं, से किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी लेख किया है कि मैं उन्हें जहां भी मिलूं वहीं मुझे जूतों से मारना चाहिए। धाकड़ ने अपने समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष, देश के सभी प्रदेश अध्यक्ष, सभी जिलाध्यक्ष और भारत देश के महासभा पदाधिकारियों से खबर का विरोध करने का आह्वान किया है। धाकड़ की फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट की छायाप्रति संलग्न प्रेषित है। डबास ने लिखा कि किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह ही हैं जो शिवराज सिंह चौहान की पत्नी हैं। चूंकि अपनी पोस्ट में धाकड़ ने जनता के प्रिय मामा पर मेरे द्वारा लगाये गये आरोपों को पूरे किरार समाज को कलंकित करना बताया है, अतः धाकड़ के द्वारा मेरे विरुद्ध जो भड़काऊ पोस्ट डाली गई है, उसके फलस्वरूप मुझ पर उत्तेजित भीड़ द्वारा कभी भी/कहीं भी (प्रदेश के अंदर एवं बाहर) घातक हमला हो सकता है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि विगत में मेरे द्वारा प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, जनजातीय मंत्री विजय शाह, पूर्व मंत्री संजय पाठक के साथ-साथ प्रदेश के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किये गये भ्रष्टाचार के मामले भी उठाये गये हैं, अतः ये सभी भी अंदर ही अंदर मुझसे बहुत खफा हैं एवं मुझे नुकसान पहुंचाने की ताक में हैं। ऐसी विषम परिस्थिति के मद्देनजर आपसे अनुरोध है कि कृपया मुझे तत्काल उचित पुलिस सुरक्षा प्रदाय करने का कष्ट करें। साथ ही विनोद धाकड़ द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट पर मेरे विरुद्ध अत्यंत भड़काऊ पोस्ट डालने के लिए उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का भी अनुरोध है।