- वित्तीय सुधारों के चलते इस माह भुगतान में देरी - दो दिन में खाते में पहुंचेगा वेतन : रानोज पेगू गुवाहाटी (ईएमएस)। असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने समग्र शिक्षा असम (एसएसए) के तहत पहले संविदा पर कार्यरत और विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से नियमित किए गए शिक्षकों को आश्वस्त किया है कि उनके वेतन को लेकर कोई समस्या नहीं है। इस माह वेतन भुगतान में हुई देरी अस्थायी है और अगले दो दिनों में शिक्षकों के खातों में वेतन पहुंच जाएगा। शिक्षा मंत्री पेगू ने गुरूवार को एसआरडी टीचर्स वेलफेयर फोरम और आल असम प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में नियमित किए गए शिक्षकों के वेतन भुगतान में देरी सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि वित्तीय सुधारों के तहत ट्रेजरी भुगतान प्रणाली में बदलाव के कारण इस माह भुगतान में थोड़ी देरी हुई है। शिक्षा मंत्री के अनुसार, अब शिक्षकों के वेतन और अन्य सेवा संबंधी लाभ फिन असम पोर्टल के माध्यम से संसाधित किए जाएंगे। पहले वेतन संबंधित जिला ट्रेजरी से मिलता था, जबकि इस माह संशोधित व्यवस्था के तहत वेतन दिसपुर ट्रेजरी के माध्यम से जारी किया जाएगा। पेगू ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के वेतन मद या सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। समग्र शिक्षा में कार्यकाल पूरा करने के बाद नियमित सरकारी कर्मचारी बने शिक्षक भविष्य में भी नियमित कर्मचारियों को मिलने वाले सभी वेतन, सेवा और अन्य लाभ प्राप्त करते रहेंगे। उन्होंने शिक्षकों से धैर्य रखने और चिंता नहीं करने की अपील की।