राज्य
29-Jul-2026
...


कोर्ट ने दूसरी बार जारी किया गिरफ्तारी वारंट भोपाल (ईएमएस)। आर्थिक अनियमितताओं के मामले में जैन समाज के दो कद्दावर कथित समाज सेवियों और कारोबारियों के खिलाफ जिला न्यायालय ने दूसरी बार गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। प्रभाकर कंस्ट्रक्शन के मालिक एवं चतुर्मास समिति के संयोजक मनोज प्रधान एवं जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल जैन पर तीन करोड़ की हेराफेरी का मामला है, जिनके खिलाफ दूसरी बार भोपाल जिला न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार मनोज प्रधान के खिलाफ हाईकोर्ट में जीएसटी कर चोरी का मामला भी लंबित है। मनोज प्रधान के खिलाफ वर्ष 2018 से लंबित एक प्रकरण में परिवादी की गवाही होने के बाद मामले को आरोपियों के बयान के लिए तय किया गया था। इसके बाद भी मनोज प्रधान और अनिल जैन अदालत में उपस्थित नहीं हुए। न्यायालय ने दोनों को कई अवसर दिए, लेकिन वे पेश नहीं हुए। अदालत ने 27 जून 2026 को दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था और अगली तारीख 27 जुलाई 2026 निर्धारित की थी। अधिवक्ता संदीप गुप्ता ने बताया कि 27 जुलाई को भी दोनों आरोपी न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। इस पर अदालत ने उनके खिलाफ पुनः गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश पारित किए और मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त 2026 निर्धारित की है। अधिवक्ता के अनुसार, मनोज प्रधान के खिलाफ अन्य प्रकरणों में भी गिरफ्तारी वारंट और जमानती वारंट जारी किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।