राज्य
26-Jul-2026
...


- कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन मजबूत करने का आह्वान, कहा- बाढ़ पीड़ितों को समय पर नहीं मिली मदद मोरीगांव (ईएमएस)। आगामी नगांव लोकसभा उपचुनाव को देखते हुए असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने रविवार को मोरीगांव के बिहुतोली में जिला कांग्रेस कमेटी के सहयोग से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में एपीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई, जिला पदाधिकारी, पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए गौरव गोगोई ने भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि असम में आई भीषण बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जिम्मेदारी थी कि वह केंद्र से बाढ़ राहत के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता सुनिश्चित करती, लेकिन गंभीर हालात के बावजूद ऐसा नहीं किया गया। गोगोई ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर राहत, आर्थिक सहायता और समुचित पुनर्वास मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को राजनीतिक प्राथमिकताओं से ऊपर उठकर आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया। साथ ही नगांव लोकसभा उपचुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। सम्मेलन में जिले भर से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी उपचुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज कर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।