राज्य
25-Jul-2026
...


अगरतला (ईएमएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव आए हैं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 ने देश को आत्मनिर्भर तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की मजबूत नींव रखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर एक संतुलित, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली विकसित करने का प्रयास किया है। उनके नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र केवल नीतिगत बदलावों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वैश्विक जरूरतों के अनुरूप एक सशक्त और आत्मनिर्भर शैक्षणिक ढांचा तैयार हुआ है। डॉ. साहा ने कहा कि शिक्षा को कौशल विकास से जोड़ने की पहल ने देश के युवाओं को नई क्षमताओं से सशक्त बनाया है, जिससे वे बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में बेहतर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री के रूप में किए गए कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पहल से आधुनिक अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। मुख्यमंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान को दूरदर्शी, भरोसेमंद और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित नेता बताते हुए कहा कि सुशासन, जनकल्याण और शिक्षा सुधारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देशभर के लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर सफलता की कामना भी की।