राज्य
25-Jul-2026
...


- सोनम वांगचुक के शांतिपूर्ण अभियान के साथ जताई एकजुटता आइजोल (ईएमएस)। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कथित नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के शांतिपूर्ण आंदोलन के प्रति भी अपनी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त किया। कावरथाह नॉर्थ गांव में आयोजित क्लीन एंड ग्रीन पंचायत अवॉर्ड समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आइजोल में भी पिछले दो दिनों से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार उनकी चिंताओं को गंभीरता से समझती है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की जरूरत है। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर मिजोरम में आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। बुधवार को सैकड़ों स्कूली और कॉलेज छात्रों ने आइजोल के वनापा हॉल के बाहर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। गुरुवार को मिजो जिरलाई पॉल (एमजेडपी) के नेतृत्व में हजारों छात्रों ने आइजोल, लुंगलेई और अन्य स्थानों पर रैलियां निकालीं तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में व्यापक सुधार की मांग उठाई। वहीं, भाजपा की मिजोरम इकाई ने भी निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है।