गुवाहाटी, (ईएमएस)। असम के शिवसागर जिले में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच एक गर्भवती चाय बागान मजदूर को अस्पताल तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिल सका और उसने चाय फैक्ट्री परिसर में ही बच्चे को जन्म दिया। लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण ऊपरी असम के कई चाय बागान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएआई) ने बताया कि नाजिरा उपखंड में बाढ़ के पानी ने चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच पूरी तरह बाधित कर दी थी। इसी दौरान एक गर्भवती महिला ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में फैक्ट्री परिसर में बच्चे को जन्म दिया। एक अन्य गर्भवती महिला को भी तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता पड़ी। टीएआई के अनुसार, पड़ोसी राज्य नागालैंड में बादल फटने और लगातार बारिश के बाद वहां से निकलने वाली नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने लगीं। डोरिका नदी का तटबंध टूटने से नाजिरा क्षेत्र के चाय बागानों में व्यापक जलभराव हो गया। बामनपुकरी टी एस्टेट सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। कई चाय बागान, मजदूरों के आवास, अस्पताल, स्कूल और सड़कें पानी में डूब गई हैं। हजारों मजदूरों और उनके परिवारों ने फैक्ट्री भवनों, प्रबंधकों के बंगलों और ऊंचे स्थानों पर शरण ली है। जिला प्रशासन ने बचाव और राहत कार्य तेज किए हैं। वहीं कृषि विभाग ने फसल नुकसान दर्ज करने के लिए 24 घंटे सक्रिय बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है।