- इक्विटी से लेकर डेरिवेटिव्स तक बंद, कमोडिटी बाजार शाम को खुलेगा नई दिल्ली (ईएमएस)। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार, 26 जून को देश के प्रमुख शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में कारोबार पूरी तरह से बंद रहा। इस कारण निवेशकों को किसी भी प्रकार की खरीद या बिक्री करने का अवसर नहीं मिला। इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (एसएलबी), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सहित सभी प्रमुख सेगमेंट में ट्रेडिंग ठप रही। हालांकि, कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार स्थगित रहा, जिसके बाद यह निर्धारित समय पर दोबारा शुरू हुआ। यह इस वर्ष के लिए निर्धारित कुल 16 शेयर बाजार अवकाशों में से नौवां था। मुहर्रम के बाद, इस साल गणेश चतुर्थी (14 सितंबर), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर), दशहरा (20 अक्टूबर), दिवाली बलिप्रतिपदा (10 नवंबर), प्रकाश पर्व श्री गुरु नानक देव (24 नवंबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर) को बाजार बंद रहेंगे। निवेशकों को इन आगामी छुट्टियों के मद्देनजर अपनी निवेश रणनीति पहले से बनाने की सलाह दी गई है। सतीश मोरे/26जून ---