- सेंसेक्स 100 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,100 के करीब मुंबई (ईएमएए)। भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में जोरदार खरीदारी की बदौलत मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। जहां प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 और सेंसेक्स बढ़त के साथ खुले, वहीं व्यापक एशियाई बाजारों पर मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का दबाव साफ देखा गया। यह स्थिति घरेलू बाजार के लिए एक मिश्रित संकेत लेकर आई। शुरुआती कारोबार में निफटी 50 38.95 अंक बढ़कर 24,094.95 पर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स 77.06 अंक की तेजी के साथ 77,177.53 पर कारोबार करता दिखा। हालांकि, व्यापक बाजार में मिला-जुला रुख रहा, निफ्टी मिडकैप में मामूली 0.03 प्रतिशत की बढ़त दिखी, वहीं निफ्टी स्माल कैप में 0.03 प्रतिशत की हल्की गिरावट दर्ज की गई। दरअसल, सप्ताहांत में अमेरिका द्वारा ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी है। इस बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर एशियाई शेयर बाजारों पर पड़ा है, जहां शुरुआती कारोबार में जापान निक्कई का 225 करीब 0.75 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.14 प्रतिशत तक लुढ़क गया। वहीं शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी कमजोरी रही। डाउ जोंस 0.09 प्रतिशत, एसएंडपी 500 0.05 प्रतिशत और नेस्डेक कम्पोजिट 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। सतीश मोरे/29जून ---