मुंबई (ईएमएस)। रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.25 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला, हालांकि मजबूत अमेरिकी डॉलर और निवेशकों की सीमित जोखिम लेने की प्रवृत्ति का असर बाजार धारणा पर पड़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतें अनुकूल रहने और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार के कारण रुपये ने सकारात्मक शुरुआत की। रुपये के प्रति समग्र रुझान सकारात्मक बना हुआ है, लेकिन तत्काल चुनौती मजबूत अमेरिकी डॉलर है जो अब भी 13 महीने के उच्च स्तर के करीब बना हुआ है।अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.36 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में मजबूती के साथ 94.25 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 20 पैसे की बढ़त दर्शाता है।रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.45 पर बंद हुआ था। मुहर्रम के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर, मुद्रा और जिंस बाजार बंद रहे थे।इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.37 पर रहा। सतीश मोरे/29जून ---