- सोने का भाव 1,47,650 और चांदी 2,34,950 रुपए प्रति किलोग्राम नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी के भाव में तेजी देखने को मिली, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नरमी का रुख बना रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना सुस्त शुरुआत के बाद तेजी से ऊपर चढ़ा, वहीं चांदी ने मजबूत शुरुआत के बाद अपनी चमक बरकरार रखी। खबर लिखे जाने तक सोने के वायदा भाव 1,47,650 रुपये और चांदी के भाव 2,34,950 रुपये के करीब कारोबार कर रहे थे। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 2,093 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,110 रुपये के भाव पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,47,203 रुपये था। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही इसमें जबरदस्त वापसी दिखी और खबर लिखे जाने तक यह 427 रुपये की तेजी के साथ 1,47,630 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान इसने 1,47,987 रुपये का उच्च स्तर और 1,45,110 रुपये का निम्न स्तर छुआ। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वोच्च स्तर भी देखा था। चांदी के जुलाई कॉन्ट्रैक्ट ने 3,903 रुपये की मजबूत तेजी के साथ 2,37,088 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जबकि पिछला बंद भाव 2,33,185 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 1,791 रुपये की तेजी के साथ 2,34,976 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इसने 2,37,106 रुपये का दिन का उच्चतम और 2,34,908 रुपये का निम्नतम स्तर छुआ। चांदी का इस साल का सर्वोच्च स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने के वायदा भाव में नरमी देखी गई। यह 4,231.20 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,245.90 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने तक यह 38.40 डॉलर की गिरावट के साथ 4,207.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सोने ने इस साल 5,586.20 डॉलर का सर्वोच्च स्तर छुआ है। वहीं कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव भी गिरावट के साथ 65.78 डॉलर प्रति औंस पर खुले, जो पिछले बंद भाव 66.31 डॉलर से कम था। खबर लिखे जाने के समय यह 0.63 डॉलर की गिरावट के साथ 65.68 डॉलर प्रति औंस पर था। चांदी का इस साल का उच्चतम स्तर 121.79 डॉलर रहा है। सतीश मोरे/22जून ---