- पांच दिन की ऐतिहासिक तेजी, सेंसेक्स ने पार किया 77 हजार का आंकड़ा मुंबई (ईएमएस)। बीता सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा लेकिन अंततः महत्वपूर्ण रहा। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और शांति समझौते की सहमति की खबरों ने बाजार में जबरदस्त उत्साह भर दिया, जिससे प्रमुख सूचकांकों ने कई नए रिकॉर्ड बनाए। हालांकि, सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र से मिली नकारात्मक खबर के कारण बाजार में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पांच दिनों की लगातार तेजी पर ब्रेक लग गया। सप्ताह की शुरुआत शानदार रही, जब सोमवार को ईरान और अमेरिका के बीच जंग रोकने को लेकर बनी सहमति की खबर ने बाजार में जोश भर दिया। सेंसेक्स 1000 अंकों से अधिक की तेजी के साथ खुला और 736 अंकों की उछाल के साथ 76,000 के पार बंद हुआ, जबकि निफ्टी 231 अंकों की बढ़त दर्ज की। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया। मंगलवार को भी यह सिलसिला जारी रहा, जहां टेक्नोलॉजी और घरेलू मांग वाले सेक्टर्स में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स 544 अंकों की मजबूत छलांग लगाकर 76,808 के ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुआ और निफ्टी 23,989 के पार पहुंच गया। बुधवार को बाजार सपाट खुला, लेकिन अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर होने की खबर ने सकारात्मकता बनाए रखी। गुरुवार को शुरुआती नरमी के बावजूद, बाजार ने मजबूत वापसी करते हुए लगातार पांचवें दिन बढ़त दर्ज की। सेंसेक्स 254 अंकों की शानदार तेजी के साथ 77,409 के एक और ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 82 अंकों की बढ़त के साथ 24,168 के पार निकल गया। यह सप्ताह भर की तेजी का चरम था। हालांकि, शुक्रवार को बाजार की किस्मत पलटी। आईटी कंपनियों में भारी बिकवाली, खासकर एक्सेंचर के राजस्व वृद्धि अनुमानों में कटौती के बाद, निवेशकों में निराशा छा गई। सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स 786 अंक और निफ्टी 210 अंक धड़ाम हो गए। अंततः, शुक्रवार को सेंसेक्स 607 अंक गिरकर 76,802 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 154 अंक फिसलकर 24,013 पर आ गया। एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे बड़े शेयरों में भी 2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। कुल मिलाकर, सप्ताह की शुरुआत मजबूत वैश्विक संकेतों और घरेलू उत्साह के साथ हुई, जिसने बाजार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचाया, लेकिन सप्ताहांत में तकनीकी क्षेत्र से मिले झटके ने बढ़त पर विराम लगा दिया। सतीश मोरे/20जून ---