- सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा लुढ़का] निफ्टी 24,000 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई, जिसका मुख्य कारण सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में तेज बिकवाली थी। वैश्विक प्रौद्योगिकी दिग्गज एक्सेंचर के निराशाजनक राजस्व अनुमानों ने आईटी सेक्टर की भविष्य की वृद्धि को लेकर निवेशकों की चिंताएं बढ़ा दीं, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी दिखा। बाजार खुलते ही प्रमुख सूचकांकों में तेज गिरावट देखने को मिली और दिनभर दबाव बना रहा। सुबह शुरुआत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 703 अंक की गिरावट के साथ 76,706.86 पर आ गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50 इंडेक्स 191.45 अंक गिरकर 23,976.55 पर कारोबार कर रहा था। एक्सेंचर द्वारा जारी कमजोर राजस्व अनुमानों के बाद वैश्विक स्तर पर आईटी कंपनियों की ग्रोथ आउटलुक पर सवाल उठने लगे, जिसका सीधा असर भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों पर देखा गया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर पर रहा, जहां निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब 6 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट में दिग्गज आईटी कंपनियों जैसे इंफोसिस, टेक महिंद्रा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर सबसे आगे रहे, जिन्होंने निवेशकों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। व्यापक बाजार में भी कमजोरी का माहौल रहा, जहां निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.55 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.19 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने एक मजबूत रिकवरी दर्ज की। दिन के कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 254.36 अंक की शानदार बढ़त के साथ 77,409.98 के ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 82.30 अंक उछलकर 24,168.00 के पार निकल गया, जो निवेशकों के मजबूत भरोसे को दर्शाता है। सतीश मोरे/19जून ---