व्यापार
18-Jun-2026
...


सेंसेक्स 254 , निफ्टी 82 अंक उछला मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को भी तेजी के साथ बंद हुआ बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आया है। इस सप्ताह की शुरुआत से ही बाजार में बढ़त का दौर छाया रहा है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अंत में 254.36 अंक बढ़कर 77,409.98 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 82.30 अंक बढ़कर 24,168.00 पर बंद हुआ। आज मध्यम और छोटे शेयरों में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 255.90 अंक बढ़कर 62,379.25 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 82.40 अंक बढ़कर 18,705.60 पर बंद हुआ। बाजार में तेजी का नेतृत्व हेल्थकेयर और रियल्टी शेयरों ने किया। निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी रियल्टी के शेयरों को सबसे ज्यादा लाभ हुआ। निफ्टी पीएसई, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी फार्मा, निफ्टी मीडिया, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी सर्विसेज के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। वहीं, निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल और निफ्टी ऑयलएंडगैस के शेयर गिरावट पर बंद हुए। सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, बीईएल, एनटीपीसी, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एचयूएल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, के शेयर लाभ में रहे जबकि टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, टीसीएस, एलएंडटी, एचसीएल टेक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन के शेयर गिरे। जानकारों के अनुसार घरेलू शेयर बाजार ने सत्र में एक सीमित दायरे में सकारात्मक रुख के कारोबार किया। यूएस फेड के सख्त रुख से भी निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई का दबाव बढ़ सकता है, जिससे केंद्रीय बैंक साल के आखिरी हिस्से में ब्याज दरें बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं; ऐसे में निवेशक सतर्क रुख अपना सकते हैं। अमेरिका ईरान शांति समझौते पर भी बाजार की नजरें टिकीं हैं। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार की कमजोर शुरुआत हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 111.23 अंक फिसलकर 77,044.39 के स्तर पर आ गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26.85 अंकों की गिरावट के साथ ही 24,058.85 पर पहुंच गया। ईएमएस 18जून 2026