व्यापार
17-Jun-2026
...


सेंसेक्स 347, निफ्टी 96.55 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में ये बढ़त दुनिया भर के बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच भी खरीददारी हावी रहने से आयी है। पश्चिम एशिया में हालात बेहतर होने के साथ ही कच्चे तेल की कीमत में गिरावट से भी बाजार धारण मजबूत हुई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स करीब 347.14 अंक उछलकर 77,155.62 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी तकरीबन 96.55 अंक बढ़कर 24,085.70 अंक पर बंद हुआ। आज बाजार में सभी ओर खरीदारी हावी रही। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। ट्रेंट में 7 फीसदी से ज्यादा तेजी आई। इसके अलावा बीईएल, टाटा स्टील, टाइटन, सन फार्मा, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और टीसीएस के शेयर भी उछले। वहीं दूसरी ओर, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी। छोटे और मझोले शेयरों में भी रही रौनक। वहीं ब्रॉडर माकेट में निफ्टी मिडकैप में 0.52 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.79 फीसदी तेजी आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी ऑटो और निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी बैंक, निफ्टी आईटी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा तेजी रही। इसी बीच, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक के फैसले से पहले निवेशकों ने काफी सतर्क रुख अपनाया।फेडरल ओपन मार्केट कमेटी द्वारा ब्याज दरों को 3.5 से 3.75 प्रतिशत पर यथावत रखने की उम्मीद है।निवेशक वैश्विक विकास दर और महंगाई पर केंद्रीय बैंक की टिप्पणी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार तेजी के साथ खुला। सुबह कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 269.16 अंक बढ़त के साथ 77,077.64 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 76.55 अंक तकरीबन 0.32 फीसदी उछलकर 24,064.55 पर पहुंच गया। दूसरी ओर वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से डाउ जोंस में तेजी रही। वहीं तकनीकी शेयरों में कमजोरी के कारण नैस्डैक दबाव में रहा। एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिल रहा है। ऑस्ट्रेलिया का बाजार दो महीने के हाई पर बंद हुआ जबकि जापान का निक्केई 70,000 के करीब रेकॉर्ड पर बंद हुआ। ईएमएस 17 जून 2026