व्यापार
17-Jun-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ खुला। सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये बढ़त दुनिया भर के बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच ही खरीददारी हावी होने से आई है। आज सुबह कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 269.16 अंक बढ़त के साथ 77,077.64 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 76.55 अंक तकरीबन 0.32 फीसदी उछलकर 24,064.55 पर पहुंच गया। निवेशक अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के परिणामें का इंतजार कर रहे हैं। फेड इस बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने जा रहा है। उसकी दरें अभी 3.5 से 3.75 फीसदी पर रहेंगी। इन पर भी निवेशकों की नजरें लगी हैं। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में अच्छी खरीदारी रही। इससे ये दोनों सेक्टर बाजार के प्रमुख प्रदर्शनकर्ता रहे। दूसरी ओर, धातु और रियल्टी सेक्टर दबाव में नजर आए और सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहे। आज कारोबार के दौरान मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त रही। बड़े शेयरों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी सकारात्मक रुख रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.26 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। निफ्टी में ट्रेंट, और टेक महिंद्रा प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे जबकि हिंदाल्को इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों गिरे। दूसरी ओर वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से डाउ जोंस में तेजी रही। वहीं तकनीकी शेयरों में कमजोरी के कारण नैस्डैक दबाव में रहा। एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिल रहा है। वहीं ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर करीब 78.6 डॉलर प्रति बैरल पर आना भारत के लिए सकारात्मक माना जा रहा है, क्योंकि इससे महंगाई पर दबाव कम हो सकता है, आयात लागत घट सकती है और कंपनियों की कमाई को समर्थन मिल सकता है। ईएमएस 17जून 2026