:: म.प्र. प्रीमियर लीग : जबलपुर का 219 रनों का विशाल लक्ष्य 16.3 ओवर में ध्वस्त; अक्षत रघुवंशी ने खेली 64 गेंदों में 147 रनों की विस्फोटक पारी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के 31वें मुकाबले में मंगलवार को क्रिकेट प्रेमियों को रनों का ऐसा सैलाब देखने को मिला, जिसने टी-20 क्रिकेट के कई समीकरण बदल दिए। होल्कर स्टेडियम की दूधिया रोशनी में रीवा जगुआर्स के बल्लेबाजों ने ऐसा कोहराम मचाया कि जबलपुर रॉयल लॉयन्स का 218 रनों का विशाल स्कोर भी बौना साबित हो गया। प्लेयर ऑफ द मैच रहे सलामी बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी के विस्मयकारी और ऐतिहासिक नाबाद शतक (147) की बदौलत रीवा जगुआर्स ने महज 16.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर इस अविश्वसनीय लक्ष्य को हासिल कर लिया। :: शुरुआती झटकों से उबरा जबलपुर, बाथम-टडा ने रीवा को धोया :: इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी जबलपुर रॉयल लॉयन्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। रीवा के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से जबलपुर के शीर्ष क्रम को पूरी तरह झकझोर दिया और महज 56 रनों के योग पर उनके 4 प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कप्तान राहुल बाथम और रितिक टडा ने मोर्चा संभाला। दोनों ही बल्लेबाजों ने रीवा के गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोलते हुए मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट खेले। कप्तान राहुल बाथम ने 33 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 66 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि दूसरे छोर से रितिक टडा ने और अधिक आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 30 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के जड़कर 67 रनों की नाबाद पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई 99 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी और अजय रोहेरा के महत्वपूर्ण 49 रनों के दम पर जबलपुर ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 218 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रीवा की तरफ से गेंदबाजी में रामवीर गुज्जर ने 49 रन देकर 3 विकेट और अश्विन दास ने 44 रन देकर 3 विकेट चटकाए। :: अक्षत की विराट आतिशबाज़ी, अरहम के साथ मिलकर लिखी जीत की इबारत :: 219 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवा जगुआर्स के इरादे शुरुआत से ही स्पष्ट थे। कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने महज 8 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन ठोककर अपनी टीम को तेज शुरुआत दी। उनके आउट होने के बाद मैदान पर सलामी बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी का ऐसा तूफान आया, जिसने जबलपुर के हर गेंदबाज को बेअसर कर दिया। रघुवंशी ने विरोधी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ते हुए महज 64 गेंदों पर 147 रनों की विस्मयकारी नाबाद पारी खेली। अपनी इस अविश्वसनीय पारी में उन्होंने 14 चौके और 10 लंबे छक्के जड़े। उन्हें दूसरे छोर से मोहम्मद अरहम अकील का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 26 गेंदों पर 36 रनों की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 81 गेंदों में रिकॉर्ड 172 रनों की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह एकतरफा कर दिया। अंत में अनंत वर्मा ने आते ही 2 गेंदों में 1 छक्के की मदद से नाबाद 7 रन बनाकर 16.3 ओवर में ही टीम को एक यादगार जीत दिला दी। जबलपुर के प्रमुख गेंदबाज पंकज पटेल सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 67 रन लुटाए। :: अंक तालिका में रीवा दूसरे स्थान पर :: इस धमाकेदार जीत के बाद रीवा जगुआर्स ने अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई है। रीवा की टीम अब 7 मैचों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मजबूती से काबिज हो गई है, जहां उनका नेट रन रेट (+1.805) सभी टीमों में सबसे सर्वश्रेष्ठ है। दूसरी ओर, इस करारी हार के बावजूद जबलपुर रॉयल लॉयन्स की टीम 5 मैचों में 4 जीत तथा 8 अंकों (+0.682 नेट रन रेट) के साथ तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। :: संक्षिप्त स्कोर :: जबलपुर रॉयल लॉयन्स : 20 ओवर में 218 रन, 8 विकेट पर (रितिक टडा 67 अविजित, राहुल बाथम 66, अजय रोहेरा 49; रामवीर गुज्जर 3/49, अश्विन दास 3/44) रीवा जगुआर्स : 16.3 ओवर में 219 रन, 2 विकेट पर (अक्षत रघुवंशी 147 अविजित, मोहम्मद अरहम अकील 36; पुणेत दाते 1/28, पंकज पटेल 1/67) - 16 जून 2026