खेल
19-Aug-2026


मुम्बई (ईएमएस)। ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप के लिए इंग्लैंड गये हैं। लोमरोर डिविजन-1 में सरे की ओर से खेलेंगे। राजस्थान की ओर से खेलने वाले लोमरोर को इंग्लिश काउंटी में छह मैच खेलने हैं। वह 20 अगस्त को केनिंगटन ओवल में नॉटिंघमशायर के खिलाफ मुकाबले से शुरुआत करेंगे। लोमरोर को सरे में विल जैक्स और डैन लॉरेंस के नहीं खेलने से शामिल किया गया है। जैक्स अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हैं, वहीं लॉरेंस पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए शामिल किये गये हैं। लोमरोर को काउंटी के इस अनुभव का काफी लाभ मिलेगा। उन्हें पहले हुए आईपीएल सत्र की नीलामी में किसी टीम ने नहीं चुना था, हालांकि बाद में मुंबई इंडियंस ने उन्हें चोटिल क्विंटन डी कॉक की जगह पर शामिल किया था। सरे से जुड़ने से उत्साहित लोमरोर ने कहा कि काउंटी चैंपियनशिप में खेलना उनके लिए खुद को नई परिस्थितियों में चुनौती देने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का एक शानदार अवसर है। यह उनके खेल को अगले स्तर पर ले जाने में मदद करेगा। गौरतलब है कि लोमरोर का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है। उन्होंने अब तक 63 मैचों में 42.62 की शानदार औसत से 3,836 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक शामिल हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के अलावा, लोमरोर एक कुशल बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 62 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें एक पांच विकेट हॉल भी शामिल है। यह ऑलराउंड प्रदर्शन उन्हें सरी के लिए एक मूल्यवान खिलाड़ी बनाता है। लोमरोर अब सरे के लिए खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लंबी और विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं। भारत के जहीर खान , हरभजन सिंह, अनिल कुंबले और प्रज्ञान ओझा जैसे दिग्गजों ने इस ऐतिहासिक क्लब से खेला था। ईएमएस 19 अगस्त 2026