खेल
19-Aug-2026
...


टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त मिली गॉल (ईएमएस)। युवा स्पिनर मानव सुथार की घातक गेंदबाजी से भारतीय टीम ने यहां खेले गये पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंकाई टीम को 165 रनों से हरा दिया। इसी के साथ ही दो मैचों की इस सीरीज में भारतीय टीम को 1- 0 की बढ़त मिल गयी है। भारतीय टीम की जीत में सुथार की अहम भूमिका रही। सुथार ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम की सभी उम्मीदों को तोड़ते हुए भारतीय टीम को जीत दिला दी। इस मैच में श्रीलंकाई टीम को जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य मिला था, इसके जवाब में वह अपनी दूसरी पारी में 206 रन ही बना पायी। इस प्रकार उसे 165 रनों से हार का सामना करना पड़ा। सुथार ने पहली पारी में भी चार विकेट लिए थे। इस प्रकार उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लिए। इस महत्वपूर्ण जीत के साथ ही भारत ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में 12 अंक हासिल किए हैं, जिससे टीम की फाइनल खेलने की उम्मीदों को नया बल मिला है। मैच के अंतिम दिन लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 4 विकेट पर 84 रनों से आगे खेलना शुरु किया। भारतीय टीम द्वारा दिए गए 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए धनंजय डी सिल्वा ने 59 रन रन और सोनल दिनुशा ने 84 रन बनाये। इन दोनो ने पांचवें विकेट के लिए साझेदारी कर भारत पर दबाव बनाने का प्रयास किया पर सुथार की सटीक गेंदबाजी के सामने ये ज्यादा देर तक टिक नहीं पाये। इनके आउट होते ही श्रीलंकाई पारी सिमट गयी। लंच के बाद के सत्र में श्रीलंका की टीम 206 रन पर ही आउट हो गयी। वहीं इससे पहली भारतीय टीम ने दूसरी पारी में ऋषभ पंत के 69 गेंदों पर तेजी से बनाये 66 रनों की सहायता से दूसरी पारी में 193 रन बनाये और श्रीलंका के सामने 372 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा गया। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या और असिथा फर्नांडो ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि लाहिरू कुमारा ने भी महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत के निचले क्रम को ज्यादा रन बनाने से रोका। वहीं भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 167 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी, वहीं केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन का योगदान दिया था। जवाब में, श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई थी। इससे भारतीय टीम के पास 178 रनों की अच्छी खासी बढ़त थी। ईएमएस 19 अगस्त 2026