गॉल (ईएमएस)। भारतीय टीम के स्पिनर रवींद्र जडेजा की एक नो-बॉल से श्रीलंकाई टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने में सफल रहे। जडेजा जैसे अनुभवी गेंदबाजी की इस गलती से भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी नाराज दिखे। इससे भारतीय टीम की जीत का इंतजार भी लंबा हो गया। जडेजा की गेंद तेजी से घूमकर डी सिल्वा के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए फर्स्ट स्लिप की ओर गई। ऐसा लग रहा था कि भारत को एक और सफलता मिल गई है, लेकिन अंपायर ने तुरंत नो-बॉल का संकेत दे दिया। इससे डी सिल्वा को जीवनदान मिल गया हालांकि अंत में वह जडेजा का ही शिकार बने। गंभीर पहले भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजों को नो-बॉल से बचने की अहमियत के बारे में खुलकर बात कर चुके हैं। उनकी निराशा समझी जा सकती थी, क्योंकि इससे पहले भी साल 2023 में भी उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ लगातार तीन नो-बॉल फेंकने वाले अर्शदीप सिंह की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी गलतियां बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। जडेजा ने अपनी गलती का खामियाजा भुगतने के बाद, खुद ही अपनी टीम को वह अहम विकेट दिलाया जिसकी उन्हें तलाश थी। ईएमएस 19 अगस्त 2026