क्षेत्रीय
19-Aug-2026
...


लाल बहादुर शास्त्री एवं इंदिरा गांधी वार्ड में चला वृहद फागिंग अभियान कटनी (ईएमएस)। वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव एवं नमी के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ जाती हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छर जनित एवं संचारी बीमारियों का खतरा बढ़ने की संभावना बनी रहती है। नागरिकों को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा फागिंग एवं स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा विगत दिवस लाल बहादुर शास्त्री वार्ड एवं इंदिरा गांधी वार्ड में वृहद फागिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान वार्डों के आवासीय क्षेत्रों, गलियों एवं ऐसे स्थानों पर फागिंग की गई, जहां वर्षा के कारण मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। फागिंग के साथ-साथ जलभराव वाले स्थानों की निगरानी एवं आवश्यकतानुसार सफाई कार्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य वर्षा ऋतु में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही संभावित संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एहतियाती एवं प्रभावी उपायों को निरंतर जारी रखना है। स्वास्थ्य अमले को क्षेत्र में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने तथा नियमित फागिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि घरों एवं आसपास अनावश्यक रूप से पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा आवश्यक सावधानी बरतें। सामूहिक सहभागिता से ही वर्षा ऋतु में संचारी एवं मच्छर जनित बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण को सुनिश्चित किया जा सकता है। .../ 19 अगस्त /2026