क्षेत्रीय
19-Aug-2026


वर्धा, (ईएमएस)। वर्धा जिले के हिंगणघाट तालुका स्थित शेकापुर (बाई) गांव से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध में पति के बाधा बनने पर पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया गया। मामले में वडनेर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान संतोष पांडुरंग कैकाडे (42) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संतोष की पत्नी सपना कैकाडे के शुभम कैकाडे नामक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध थे। संतोष को इस संबंध की जानकारी होने और उनके बीच विवाद की स्थिति बनने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की रात संतोष भजन कार्यक्रम से घर लौटे थे। इसी दौरान उन्हें पत्नी और शुभम के संबंधों के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सपना और शुभम ने मिलकर संतोष की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए शुभम ने कथित तौर पर अपने दो साथियों सचिन बसुने और प्रशांत करपे की मदद ली। चारों ने शव को गांव के पास स्थित खेत में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि शव को खेत में फेंकने का उद्देश्य घटना को छिपाना और सबूत मिटाना था। - तीन दिन बाद खेत में मिला शव संतोष पिछले तीन दिनों से गांव में दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसी बीच मंगलवार, 18 अगस्त को उनकी पत्नी ने ही ग्रामीणों को बताया कि संतोष का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। वडनेर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने सपना कैकाडे, शुभम कैकाडे, सचिन बसुने और प्रशांत करपे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के पीछे की पूरी साजिश, हत्या की परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना से शेकापुर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। संतोष झा- १९ अगस्त/२०२६/ईएमएस