क्षेत्रीय
19-Aug-2026


नासिक, (ईएमएस)। नासिक शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच विल्होली के कोलीवाड़ा, गायकवाड़ गली इलाके में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोबाइल से शूटिंग करने को लेकर हुए पुराने विवाद में आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद उसे दो मंजिला इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद नासिक तालुका पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के भीतर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान राहुल संजय सरकटे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शांताराम गाडेकर ने रविवार को दीपक पारधी और ज्योति बोंबले के बीच हुई बातचीत की मोबाइल से रिकॉर्डिंग की थी। इसी बात को लेकर दीपक पारधी और गाडेकर के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद दीपक ने गाडेकर को मारने के लिए अजय रामदास गांगुर्डे और वैभव गोविंद मेंगाल को विल्होली बुलाया था। रात करीब साढ़े दस बजे शांताराम गाडेकर, रमेश खरे और राहुल सरकटे एक पिकअप वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान संदिग्धों ने मछली बाजार के पास उनका वाहन रोक लिया। मारपीट के डर से तीनों गाडेकर के दो मंजिला मकान की छत पर चले गए। आरोप है कि संदिग्धों ने उनका पीछा करते हुए छत तक पहुंचकर गाली-गलौज की। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, छत पर पहुंचने के बाद अजय गांगुर्डे ने राहुल सरकटे पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल राहुल को वैभव मेंगाल ने छत से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने से राहुल को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल जिला सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अजय गांगुर्डे और वैभव मेंगाल मौके से फरार हो गए। मृतक के बड़े भाई अनिल संजय सरकटे की शिकायत पर नाशिक तालुका पुलिस थाने में अजय रामदास गांगुर्डे, वैभव गोविंद मेंगाल और दीपक एकनाथ पारधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच घंटे के भीतर तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी, उपअधीक्षक विमला एम. और उपविभागीय अधिकारी सुनील रोहकले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मृदुला नाईक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। फ़िलहाल मामले की जांच जारी है। संतोष झा- १९ अगस्त/२०२६/ईएमएस