क्षेत्रीय
19-Aug-2026


नासिक, (ईएमएस)। कंपनी के काम से दोस्त के साथ वाडीवऱ्हे इलाके में गई सिडको निवासी 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खबर है कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे रिसॉर्ट से भोजन करने के बाद बाहर निकलते समय कार अनियंत्रित होकर प्रवेश द्वार से टकरा गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस इस घटना को महज सड़क दुर्घटना मानकर नहीं चल रही है। हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसकी जांच की जा रही है। मृतका की पहचान रुपाली नीलेश पाटील (34), निवासी शिवनारायण अपार्टमेंट, एकदंतनगर, अंबड, नासिक के रूप में हुई है। रुपाली नासिक के सिडको इलाके में स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में कार्यरत थीं। बताया गया कि वह कंपनी के काम के सिलसिले में एक परिचित से मिलने वाडीवऱ्हे गई थीं। दोनों दोपहर में एक रिसॉर्ट में भोजन करने के लिए रुके थे। भोजन के बाद रिसॉर्ट से बाहर निकलते समय रुपाली के परिचित दीपक शिवाजी सैंदाणे (43) द्वारा चलाई जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और रिसॉर्ट के प्रवेश द्वार से जा टकराई। इस दुर्घटना में रुपाली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वाडीवऱ्हे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रुपाली की मौत वास्तव में वाहन की चपेट में आने से हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण अथवा साजिश है। इस मामले में पुलिस ने दीपक शिवाजी सैंदाणे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। देर रात तक वाडीवऱ्हे पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस वाहन और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। रुपाली पाटील के परिवार में उनके पति, सात वर्षीय बेटी तथा सास-ससुर हैं। घटना की जानकारी सिडको इलाके में फैलते ही शोक और चर्चा का माहौल बन गया। मामले की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक धीरज महाजन के मार्गदर्शन में जारी है। संतोष झा- १९ अगस्त/२०२६/ईएमएस