भोपाल, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री माननीय श्री राकेश सिंह ने भारत सरकार के जनगणना कार्यालय, गृह मंत्रालय में उप निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुईं श्रीमती सविता जैन के सम्मान में आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर राकेश सिंह ने श्रीमती सविता जैन को सम्मानित किया तथा उनके 35 वर्षों के समर्पित, ईमानदार एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा केवल दायित्वों का निर्वहन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का माध्यम है। श्रीमती सविता जैन ने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा एवं कर्मठता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। समारोह में श्रीमती सविता जैन के परिवारजनों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा सेवा यात्रा को भावपूर्ण शब्दों में साझा किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। इस अवसर पर जनगणना कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, परिवारजन, रिश्तेदार, मित्रगण तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन श्रीमती सविता जैन के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।