0 एसएसपी रजनेश सिंह ने दी सख्त चेतावनी, कहा- अभी भी समय है सुधर जाओ 0 बदमाशों ने खाई शपथ, कहा- नहीं करेंगे अपराध, नशा भी छोड़ेंगे और करेंगे काम-धाम बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में बढ़ती चाकूबाजी, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ा अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन रेड और चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के घरों एवं ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। एएसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि, अभियान के दौरान कुल 85 संदिग्ध एवं आदतन अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और सत्यापन किया गया। जांच के बाद 56 गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 25 लोगों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हडक़ंप मच गया। कई थाना क्षेत्रों में सुबह से ही पुलिस वाहनों और जवानों की सक्रियता देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया। हथियार मिले तो पुलिस ने भेजा जेल सघन जांच के दौरान पुलिस ने 4 व्यक्तियों को अवैध धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चाकू और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। इनके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों और दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नहीं सुधरे तो किया जाएगा जिलाबदर अभियान के दौरान चिन्हित निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों को पुलिस अधिकारियों ने थानों में बुलाकर सख्त चेतावनी भी दी। उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट, गुंडागर्दी, अवैध हथियार रखने, लोगों में भय पैदा करने या कानून-व्यवस्था बिगाडऩे की कोशिश करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों का उपयोग किया जा सकता है। अपराध मुक्त शहर बनाने की दिशा में अभियान सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि, कि जिले में अपराध, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाकर अपराधियों की निगरानी और सत्यापन किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध हथियार रखता है, गुंडागर्दी करता है या आपराधिक गतिविधियों में शामिल है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एक नजर में पूरी कार्रवाई 85 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर जांच की गई 56 आदतन गुंडा-बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई 25 लोगों को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल 4 आरोपियों के पास से अवैध धारदार हथियार बरामद मनोज राज