- दो लाख की थी डिमांड, पहले ले चुका था रिश्वत की डेढ़ लाख की रकम - ईओडब्ल्यू रीवा ने की कार्यवाही, भोपाल(ईएमएस)। ईओडब्ल्यू रीवा ने जिला अनूपपुर में पीएचई के प्रभारी कार्यपालन यंत्री (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) ए.के. साह को घूस लेते रंगे हांथो दबोचा है। विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार बाणसागर कालोनी जिला रीवा के रहने वाले फरियादी रामाश्रय यादव ने लिखित शिकायत करते हुए बताया की उसने पीएचई कार्यालय अनूपपुर में निर्माण कार्य पूरा करने के बाद अपने पैमेंट सहित अन्य जमा रकम के भुगतान के लिये आवेदन किया था। लेकिन काम पूरा होने के बाद उसके 14 लाख के फायनल पैमेंट के साथ ही सिक्योरिटी डिपाजिट के रुप में जमा की गई 7 लाख की रकम और 4 लाख की जमा एफडीआर को रिलीज करने के ऐवज में जिला अनूपपुर के प्रभारी कार्यपालन यंत्री ए.के. साह द्वारा दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई। रकम न देने पर आरोपी उसके भुगतान संबधी प्रकरण को आगे नहीं बढ़ा रहा था। परेशान होकर उसने पहली किस्त के रुप में ए के साह को डेढ़ लाख रुपये दे दिये थे। इसके बाद भी आरोपी ने उस पर दबाव बनाया की जब तक वह रिश्वत की पूरी रकम नहीं देगा तब तक उकसा भुगतान नहीं होगा। तंग आकर पीड़ित ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू में की। शुरुआती जॉच में रिश्वत की मांग किये जाने की शिकायत सही पाये जाने पर लोकायुक्त ने आरोपी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ने की प्लानिंग तैयार की। योजना के मुताबिक 19 जून शुक्रवार को जैसे ही एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ए के साह ने रिश्वत की दूसरी किस्त के रुप में 30 हजार की रकम फरियादी से लेकर अपने कब्जे में ली। तभी पहले से घात लगाकर बैठी ईओडब्ल्यू रीवा की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओ के तहत कार्यवाही की जा रही है। - घूसखोर को दबोचने में इनकी रही भूमिका आरोपी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को ट्रैप करने में उ.पु.अधीक्षक किरण किरो, निरीक्षक हरीश कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, प्र.आर. पुष्पेन्द्र पटेल, सत्यनारायण मिश्रा, घनश्याम त्रिपाठी और आरक्षक (चालक) ओमकार शुक्ला की भुमिका सराहनीय रही हैं। जुनेद / 19 जून