क्षेत्रीय
18-Jun-2026
...


- लोगो की थमी सांसे, मेंटेनेंस के चलते बंद थी लाइन, वरना हो सकता था बढ़ा हादसा - पोस्ट ऑफिस में नौकरी बहाली के लिये हो रहा था परेशान भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के एमपी नगर इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अचानक शासकीय प्रेस के सामने स्थित बिजली के खंभे पर चढ़ गया और हाईटेंशन लाइन के तारों की लाइन के तारो को हाथो से पकड़कर दूसरी तारो पर पैर रखकर चलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर तक बिजली के पोल पर बैठा रहा और फिर हाईटेंशन लाइन पर चलने लगा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक से बातचीत करते हुए उसकी समस्या का उचित समाधान करने का आश्वासन देते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रसाय शुरू किये। बाद में उसे क्रेन की मदद से हाईटेंशन लाइन और बिजली के पोल से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पोल पर चढ़े युवक की पहचान हरदा निवासी श्रवण कुमार (42) के रूप में हुई है। बताया गया है की श्रवण करीब 5 साल पहले तक हरदा पोस्ट ऑफिस में एक अस्थायी कर्मचारी था। एक अपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था, तब से वह लगातार अपनी बहाली के प्रयास करते हुए कार्यालय के चक्कर काट रहा था। गुरुवार सुबह भी हरदा से भोपाल पहुंचा और एमपी नगर स्थित पोस्ट ऑफिस में जाकर करीब साढ़े दस बजे उसने सीनियर अधिकारियों से मिलकर नौकरी पर वापस रखने की गुहार लगानी चाही। बताया गया है कि जब अधिकारियों से उसकी मुलाकात नहीं हो सकी तब निराशा और मानसिक तनाव में आकर वह कार्यालय के बाहर लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गनीमत यह रही कि उस समय इलाके में लाइन मेंटेनेंस का काम चल रहा था, जिसके कारण बिजली पहले से ही बंद थी। इसी वजह से युवक की जान बच गई, वरना एचटी तार को टच करते हुए जानलेवा हादसा हो सकता था। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल ही बिजली कंपनी को फोन लगाकर युवक के नीचे उतरने तक लाइन चालू न करने की हिदायत दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को नीचे उतारते हुए अपनी हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जुनेद / 18 जून