- फोटो खीचें, अश्लील वीडियो बनाया, करने लगा ब्लेकमेल - वायरल करने की धमकी देकर चार साल तक करता रहा रेप - विरोध करने पर अश्लील फोटो-वीडियो बच्चों और रिश्तेदारों को भेजे भोपाल(ईएमएस)। राजधानी की खजूरी सड़क थाना पुलिस ने एक निजी कपंनी में काम करने वाली विधवा महिला की शिकायत पर उसके साथ काम करने वाले सहकर्मी युवक के खिलाफ बलात्कार सहित अन्य धाराओ में मामला दर्ज किया है। पीड़िता विधवा है, उसका आरोप है, कि आरोपी सहकर्मी उसे घुमाने के बहाने ले गया और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी बीते चार साल से उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। आखिरकार उसकी हरकतो से तंग आकर जब पीडिता ने उसका कड़ा विरोध किया तब आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया के साथ-साथ उसके बच्चों और रिश्तेदारों को भेज दिए। इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुचीं जहॉ मामला दर्ज कर टीम आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया की उसके पति का पूर्व में देहांत हो चुका है, उसके चार बच्चे है, परिवार की जिम्मेदारी के कारण वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। करीब चार साल पहले कंपनी में ही काम करने वाले राहुल नाम के कर्मचारी से उसकी पहचान हुई थी। साथ काम करने के दौरान जल्द ही उनके बीच खासी पहचान हो गई। आरोप है कि राहुल, महिला को एक मंदिर घुमाने के बहाने लेकर गया था। वहाँ उसने उसे कोल्डड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। महिला के बेसूध होने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसके फोटो लेने के साथ ही आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। बाद में पीड़िता ने जब उसका विरोध करते हुए शिकायत करने की बात कही तब राहुल मालवीय ने उसे फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके परिवार को समाज मे बदनाम करने की धमकी दी। परिवार की बदनामी के कारण पीड़िता चुप रही। इससे राहुल ही हिम्मत बढ़ गई और वह महिला को बदनाम करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लेकमेल करते हुए बीते चार साल से लगातार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसका दैहिक शोषण करता रहा। बीते दिनो तंग आकर महिला ने साहस करते हुए उसका विरोध करते हुए उससे दूरी बनाने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि राहुल से दुरियां बनाने पर उसने कुछ दिनों पहले उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ उसके बच्चों और अन्य रिश्तेदारों को भी भेज दिये। मानसिक प्रताड़ना और बदनामी से तंग आकर आखिरकार पीड़िता हिम्मत जुटाकर पुलिस के पास पहुचीं। शिकायत मिलने पर पुलसि ने राहुल मालवीय के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है। जुनेद / 18 जून