- पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशो ने की वारदात - सीसीटीवी में कैद हुए संदेही, तलाश में जुटी पुलिस भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के शाजहानाबाद थाना इलाके में बीती देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे किराना व्यापारी से पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने चाकू की नोंक पर कर दो लाख की लूट कर डाली। वारदात के बाद बदमाशे फरार हो गए, आरोपियो की करतूत पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। शिकायत मिलने पर पुलिस फुटेज और फरियादी द्वारा बताये गये हुलिए के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। थाना पुलिस के अनुसार प्रभु नगर में रहने वाले दिलीप अर्थवानी पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र अर्थवानी (46) ने बताया की वह किराना व्यापारी हैं। उनकी आजाद मार्केट में श्रीकृष्णा नाम से किराना दुकान है। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वे दुकान बंद करने के बाद दिन भर की बिक्री की करीब दो लाख की रकम अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखकर वापस घर लौट रहे थे। जब वे घर के पास पहुंचे तब दो पहिया वाहन सवार तीन बदमाशो ने उनकी गाड़ी के आगे आकर उन्हें रोक लिया। उनमें से बीच में बैठे बदमाश के पास बड़ा धारदार छुरा था। उसने गाली-गलौज करनी शुरु की तभी दूसरे बदमाश ने उनकी एक्टिवा से चाबी निकालकर उन्हें धक्का देते हुए वाहन से नीचे उतारा और डिग्गी खोलकर उसमें रखी दो लाख की नगदी छीनकर भाग गए। हालांकि बदमाश के हाथ में हथियार देख डरे हुए फरियादी ने उनका मामूली विरोध किया लेकिन आरोपियों ने चाकू लहराते हुए उसे मारने की धमकी दी। लूट के बाद व्यापारी ने घटना की सूचना पहले अपने परिजनों को दी इसके बाद वह थाने पहुंचे। पुलिस का कहना है की सूचना मिलते ही आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। जॉच टीम का कहना है कि जहां लूट हुई, वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ हैं। हालांकि कैमरों की क्वालिटी अच्छी न होने के कारण उनके चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस फरियादी द्वारा बताए गये हुलिए के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है, की जल्द ही आरोपियो की पहचान जुटाकर उन्हें दबोच लिया जायेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ के प्रकरण दर्ज किया है। जुनेद / 17 जून