क्षेत्रीय
17-Jun-2026
...


- कंपनी की जगह अपने एकांउट में ट्रांसफर कराई रकम - धोखाधड़ी, अमानत में खयानत का मामला दर्ज भोपाल(ईएमएस)। शहर की अशोका गार्डन थाना पुलिस ने बंसल ग्रुप ऑफ कंपनीज के जनरल मैनेजर की शिकायत पर कंपनी के अकाउंटेंट के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अमानत में खयानत की धाराओं में मामला कायम किया है। आरोप है की उसने कंपनी के खाते में रकम जमा न कर अपने खाते में चार लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। पुलिस के मुताबिक गिरधर परिसर कोलार निवासी प्रेमेंद्र बहादुर पिता स्वर्गीय ज्ञानेंद्र बहादुर (63) बंसल ग्रुप ऑफ कंपनीज गोविंदपुरा में जनरल फाइनेंस मैनेजर हैं। अपनी शिकायत में उन्होनें बताया की चौकसे नगर में रहने वाला आबिद अहमद सिद्दीकी पिता इरशाद अली (44) बंसल ट्रेडिंग कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर नौकरी करता है। कंपनी का औद्योगिक क्षेत्र बी-सेक्टर में गोदाम हैं। यहॉ के लेनदेन के साथ ही अन्य सारे कामों की जिम्मेदारी आबिद अहमद को सौंपी गई थी। बीते समय संस्था के लेनदेन का ऑडिट कराये जाने पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई। ऑडिट में खुलासा हुआ की आबिद अहमद ने मार्च, 2026 में न्यू भारत मार्ट के नकद मिले 49,740 रुपए में से 49 हजार रुपए में बैंक में जमा करना दर्शाया था। लेकिन, ऑडिट में पता चला कि उसकी एंट्री तो थी, लेकिन उसकी जानकारियां गायब थी। इसी तरह सनी किराना की तरफ से मार्च, 2026 को 68, 700 रुपए में से सिर्फ 700 रुपए लिखकर 50 हजार रुपए बैंक में चेक से जमा कराना दर्शाया। इन्हीं दोनों निजी कंपनियों से मिली दो अन्य एंट्रियो में भी इसी तरह का फर्जीवाड़ा किया गया था। अनंत इंटरप्राइजेस, ताज किराना में भी इसी तरह का घोटाला निकलकर सामने आया। आगे जॉच करने पर चेक से भुगतान नहीं होने की भी बात निजी फर्म ने कंपनी को बताई। ऑडिट में करीब चार लाख, छह हजार रुपए से ज्यादा की रकम का हेरफेर सामने आने पर बीती 28 मई को पुलिस से लिखित शिकायत की गई थी। जिसकी जांच के बाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जॉच शुरू कर दी है। जुनेद / 17 जून