क्षेत्रीय
17-Jun-2026
...


- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, परिसर को कोई नुकसान नहीं - एसआईटी और एफएसएल जांच में जुटी - भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल रांची (ईएमएस)। राजधानी के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय को देर रात निशाना बनाने की कोशिश की गई। दो अज्ञात नकाबपोश युवकों ने चिली सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर दफ्तर परिसर में फेंकने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों ही बोतलें कार्यालय की बाउंड्री वॉल के बाहर गिर गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और परिसर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू की। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक कार्यालय के सामने आते दिखाई दे रहे हैं। वे पहले हाथ में पकड़ी पेट्रोल से भरी बोतल की सुतली में आग लगाते हैं और फिर उसे दफ्तर की तरफ फेंक देते हैं। जांच में सामने आया है कि पहले प्रयास में जलती हुई सुतली जमीन पर ही गिर गई थी, जिससे वह बेअसर रही, जबकि दूसरी बोतल बाउंड्री पार ही नहीं कर सकी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के तरीके को देखकर यह हमला पूरी तरह सुनियोजित लग रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल ) की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही सिटी डीएसपी केवी रमण और विभिन्न थाना प्रभारियों के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी ) का गठन किया गया है। सिटी एसपी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के पीछे एक स्थानीय होटल विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिनों पहले आरएसएस कार्यालय से जुड़े लोगों ने पास ही स्थित एक होटल की गंदगी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। पुलिस फिलहाल होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी कड़ाई से जांच कर रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई विधायक और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। रामयश / ईएमएस 17 जून 2026